
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (एनएसएफडीसी) और आंध्र प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक (एपीसीओबी) ने हाल ही में विजयवाड़ा में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह साझेदारी अनुसूचित जाति के उधारकर्ताओं को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित प्रमुख ब्याज अनुदान योजना विश्वास योजना के तहत की गई है।
समझौते के अनुसार, एपीसीओबी अनुसूचित जाति के व्यक्तिगत लाभार्थियों और स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से संबंधित ऋण डेटा को विश्वास पोर्टल पर अपलोड करेगा। इससे पात्र उधारकर्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से उनके बैंक खातों में सीधे 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान प्राप्त होगा।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (एनएसएफडीसी) भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन कार्यरत एक केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम है। निगम का उद्देश्य अनुसूचित जाति समुदाय के उन लोगों का आर्थिक सशक्तिकरण करना है, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 3 लाख रुपये तक है।



