
इफको के प्रबंध निदेशक के. जे. पटेल ने हरियाणा के फतेहाबाद जिले के गिल्लनखेड़ा गांव में आयोजित राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन में भाग लिया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए किसानों और सहकारी प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए पटेल ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं था, बल्कि देश के किसानों के प्रति संगठन के सम्मान और जिम्मेदारी को दोहराने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी था। उन्होंने कहा कि इफको हमेशा किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।
यह कार्यक्रम हरियाणा से इफको के निदेशक प्रहलाद सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर इफको बोर्ड के कई सदस्य भी मौजूद रहे।
सम्मेलन के दौरान किसानों को नैनो उर्वरकों के महत्व, आवश्यकता और उनके सही उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि नैनो उर्वरक खेती की लागत कम करने, मिट्टी के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और कृषि को अधिक टिकाऊ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।



