
नेशनल कोऑपरेटिव यूनियन ऑफ इंडिया (एनसीयूआई) की गवर्निंग काउंसिल के चुनाव में कर्नाटक के वरिष्ठ सहकारी नेता और पूर्व भाजपा सांसद अन्नासाहेब जोल्ले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15-0 से एकतरफा जीत दर्ज की।
राज्य स्तरीय सहकारी महासंघ एवं संघ (पश्चिमी और दक्षिणी भारत) निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए जोल्ले ने अपने एकमात्र प्रतिद्वंद्वी संजीव कुशलकर को करारी शिकस्त दी। कुशलकर एक भी मत प्राप्त नहीं कर सके। उल्लेखनीय है कि इस निर्वाचन क्षेत्र में 22 पात्र मतदाताओं में से केवल 15 ने ही मतदान किया और सभी 15 मत जोल्ले के पक्ष में पड़े।
वर्तमान में बेलगावी डिस्ट्रिक्ट सेंट्रल कोऑपरेटिव (बीडीसीसी) बैंक के अध्यक्ष और श्री बीरेश्वर क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसायटी के संस्थापक अन्नासाहेब जोल्ले को कर्नाटक के सबसे प्रभावशाली सहकारी नेताओं में गिना जाता है। सहकारिता क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव है।
जीत के बाद जोल्ले ने सभी निर्वाचकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सहकारी संस्थाओं को और मजबूत बनाने, उनके संचालन में पारदर्शिता बढ़ाने, किसानों एवं ग्रामीण समुदायों को सशक्त करने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सहकार से समृद्धि” के विजन को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।



