अन्य खबरें

एनसीसीटी ने 8.2 लाख से अधिक सहकारी कर्मियों को दिया प्रशिक्षण

राष्ट्रीय सहकारी प्रशिक्षण परिषद (एनसीसीटी) देशभर में वर्तमान में 20 सहकारी प्रशिक्षण संस्थानों का संचालन कर रही है, जिनमें पुणे स्थित शीर्ष संस्था वैकुंठ मेहता राष्ट्रीय सहकारी प्रबंधन संस्थान (वैमनिकोम), पांच क्षेत्रीय सहकारी प्रबंधन संस्थान (आरआईसीएम) और 14 सहकारी प्रबंधन संस्थान (आईसीएम) शामिल हैं। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने संसद को यह जानकारी दी।

लिखित उत्तर में मंत्री ने बताया कि एनसीसीटी सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को प्रशिक्षण सहायता प्रदान करती है। जिन क्षेत्रों में कोई प्रशिक्षण संस्थान नहीं है, वहां आरआईसीएम और आईसीएम के माध्यम से प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाती है। सहकारी शिक्षा को और सशक्त करने के लिए केंद्र सरकार ने त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय (टीएसयू) की स्थापना की है और सभी राज्यों से कम से कम एक संस्थान को इससे संबद्ध (एफिलिएशन) कराने का अनुरोध किया गया है।

मंत्री ने बताया कि पिछले पांच वित्तीय वर्षों के दौरान केंद्र सरकार ने एनसीसीटी द्वारा संचालित संस्थानों को कुल 241.05 करोड़ रुपये की स्वीकृति एवं राशि जारी की है। इस अवधि में एनसीसीटी ने 270 डिप्लोमा कार्यक्रम आयोजित किए, जिनके तहत सहकारी व्यवसाय प्रबंधन, कंप्यूटर अनुप्रयोग, डेयरी, औद्योगिक सहकारिता और शहरी सहकारी बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में 9,566 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया।

इसके अतिरिक्त, वर्ष 2020-21 से 2024-25 के बीच एनसीसीटी और इसके संस्थानों द्वारा 13,262 अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनसे 8.11 लाख से अधिक प्रतिभागियों को लाभ मिला।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close