
महाराष्ट्र स्थित पुणे जिला केंद्रीय सहकारी बैंक ने जिले के सभी नियमित फसल ऋणधारकों से 30 मार्च 2026 से पहले अपने बकाया फसल ऋण का भुगतान करने की अपील की है। बैंक ने यह अपील हाल ही में सरकार द्वारा बजट में घोषित प्रोत्साहन आधारित योजनाओं के मद्देनज़र जारी की है।
सरकार की नई पहल के तहत समय पर ऋण चुकाने वाले सदस्यों को विशेष लाभ प्रदान किए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य किसानों में वित्तीय अनुशासन को बढ़ावा देना और सहकारी ऋण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
इसी क्रम में बैंक के अध्यक्ष दिगंबर दुर्गाडे और उपाध्यक्ष सुनील चांदेरे ने एक वीडियो संदेश जारी कर किसानों से समय पर ऋण चुकाने तथा सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया है।
बैंक ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि किसान संभावित ऋण माफी योजनाओं का इंतजार न करें, बल्कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने वर्तमान फसल ऋण का भुगतान कर बैंक के साथ सहयोग बनाए रखें।



