ताजा खबरेंविशेष

यूपी: पैक्स सदस्यता अभियान समाप्त; अभूतपूर्व परिणाम

उत्तर प्रदेश में 01 से 30 सितंबर 2023 तक चलने वाले बी-पैक्स सदस्यता महा अभियान- 2023 ने अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। इस महा अभियान में 20 लाख लक्ष्य के सापेक्ष कुल 26.16 लाख बी-पैक्स में नए सदस्य बने तथा  63.49 करोड़ रुपये का अंशदान संचित हुआ।

यह जानकारी प्रदेश के सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने सहकारिता भवन के पीसीयू सभागार में बी-पैक्स सदस्यता महा अभियान के समापन अवसर पर दी।

इस अवसर पर सहकारिता मंत्री ने कहा कि बी-पैक्स सदस्यता महा अभियान प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता यह दर्शाती है कि सहकारी क्षेत्र में आमजन का विश्वास बढ़ा है तथा प्रदेश सरकार की एक ट्रिलियन इकोनामी को प्राप्त करने में सहायक होगी।

राठौर ने आगे कहा कि बी-पैक्स सदस्यता महा अभियान की सफलता से जिला सहकारी बैंकों का कैपिटल बेस मजबूत होगा तथा ऋण वितरण में वृद्धि होगी। बी-पैक्स को भी 10 लाख तक की कैश क्रेडिट लिमिट दी जाएगी, जिससे किसानों को बी-पैक्स के माध्यम से खाद,बीज की उपलब्धता सुलभ होगी।

सहकारिता मंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान बी-पैक्स में बने कुल 26.16 लाख सदस्यों में 17,33,112 कृषक, 1,56,455 कुशल श्रमिक, 3,92,728 अकुशल श्रमिक, 2,20,207 पशुपालक तथा 6,411 मत्स्यपालकों ने बी-पैक्स की सदस्यता ग्रहण की। सबसे ज्यादा सदस्यता ग्रहण कराने तथा शेयर कैपिटल एकत्र करने में जनपद बुलंदशहर प्रथम स्थान पर रहा। बुलंदशहर में कुल 1,11,816 बी-पैक्स में नए सदस्य बने तथा रु0 2,72,43,568.00 की शेयर कैपिटल एकत्र हुई। प्रति पैक्स सबसे ज्यादा औसत सदस्य बनाने एवं शेयर कैपिटल संचित करने में जनपद शाहजहांपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

राठौर ने महा अभियान में सफल मार्गदर्शन हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए समस्त सहकारी बंधुओं, सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मंत्रीगणों, विधायकों, सांसदों, जिला पंचायत अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों, ग्रामीण क्षेत्र के प्रधानों तथा सहकारी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि बी-पैक्स सदस्यता महा अभियान-2023 में जिन सहकारी स्वयंसेवकों ने अच्छा कार्य किया है उनको प्रमाण पत्र एवं प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

इस अवसर पर चेयरमैन पीसीयू सुरेश गंगवार, चेयरमैन पीसीएफ वाल्मिकि श्रीपाठी, चेयरमैन हाफेड लवलेश प्रताप सिंह, प्रबंध निदेशक यूपीसीबी आर के  कुलश्रेष्ठ, प्रबंधन निदेशक पीसीयू श्रीकांत गोस्वामी, प्रबंध निदेशक यूपीआरएनएसएस ए के  सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close