ताजा खबरें

झारखंड स्टेट को-ऑप बैंक: कांटे की टक्कर में विभा सिंह की जीत

झारखंड राज्य सहकारी बैंक के चुनाव में सुश्री विभा सिंह अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुई। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी अर्जुन सिंह को केवल एक वोट से हराया।

सोमवार को हुये चुनाव में अध्यक्ष पद की दौड़ में खड़े चार बार के विधायक उदय शंकर सिंह और बिहार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय अवधेश सिंह के बेटे प्रफुल्ल सिंह को मुंह की खानी पड़ी। सुश्री विभा सिंह को 35 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंदी अर्जुन सिंह को 34 मत मिले। वहीं प्रफुल्ल सिंह और चुन्ना सिंह को क्रमश: 4 और 10 वोट प्राप्त हुए।

बता दें कि नव निर्वाचित अध्यक्ष झारखंड सहकारिता विभाग में संयुक्त रजिस्ट्रार जयदेव सिंह की पत्नी है। जैसे ही उनके नाम की घोषणा हुई, उनको बधाई देने वालों का तांता लगा गया। पूर्व सहकारिता मंत्री व भाजपा नेता रणधीर सिंह ने भी विजेताओं को बधाई दी।

चुनाव के तुंरत बाद भारतीय सहकारिता से बात करते हुए, नव निर्वाचित अध्यक्ष सुश्री सिंह ने कहा, “मैं बैंक को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए टीम के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर काम करूंगी। इस जीत का श्रेय बैंक से जुड़े सदस्यों को जाता है, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी। मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतरूंगी।”

झारखंड राज्य सहकारी बैंक के बोर्ड में 17 निर्वाचित सीटें हैं। चुनाव में 120 लोग वोट डालने के योग्य थे। 17 सीटों में से 14 सीटों के लिए चुनाव हुआ। जबकि निदेशक पेशेवर एसटीसीसीएस की तीन सीटों के लिए केवल दो लोगों ने नामांकन दाखिल किया था और वे दोनो निर्विरोध चुने गये और एक सीट खाली रह गई।

नव निर्वाचित निदेशकों की सूची इस प्रकार है:

निदेशक, राज्य स्तरीय समिति– प्रभात कुमार अग्रवाल

निदेशक, महिला (सामान्य)– अर्चना झा, निशा रानी, रेहाना खातून, सुनैना पाठक, सोनाली कुमारी, संगीता महली और सरोज सिंह

निदेशक महिला (आरक्षित) एससी/एसटी– बलिना मरांडी और मुन्नी रजक

निदेशक (सामान्य)– कौशलेंद्र सिंह और रामोद प्रसाद

निदेशक, विशेष प्रकार की समिति– अशोक कुमार चौधरी

निदेशक, पेशेवर एसटीसीसीएस– चंद्र प्रकाश, प्रभात कुमार सिंह

चुनाव प्रक्रिया की देखरेख के लिए अफ्राम जॉर्ज कुजूर को रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में नियुक्त किया गया था।

झारखंड राज्य सहकारी बैंक का जमा आधार 2000 करोड़ रुपये से अधिक है और 2021-22 वित्तीय वर्ष में बैंक ने 17.99 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close