अन्य खबरें

राजस्थान में चार नए डीसीसीबी के लिए 31.68 करोड़ रुपये मंजूर

राजस्थान सरकार ने फलोदी, प्रतापगढ़, डीडवाना-कुचामन और बालोतरा जिलों में चार नए जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों (डीसीसीबी) के गठन को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इन प्रस्तावित सहकारी बैंकों के लिए राज्य सरकार ने कुल 31.68 करोड़ रुपये के वित्तीय प्रावधान को मंजूरी दी है।

स्वीकृत राशि में 14 करोड़ रुपये का पूंजीगत अनुदान और करीब 17.68 करोड़ रुपये की राज्य सरकार की शेयर पूंजी शामिल है। इस कदम से नए जिलों में सहकारी बैंकिंग ढांचे को मजबूत करने और किसानों तथा ग्रामीण आबादी तक संस्थागत ऋण एवं अन्य बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की उम्मीद है।

प्रस्ताव के अनुसार, चारों नए जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों को भवन निर्माण तथा फर्नीचर और कंप्यूटर उपकरणों की खरीद के लिए 3.50-3.50 करोड़ रुपये का पूंजीगत अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा, राज्य सरकार द्वारा शेयर पूंजी के रूप में अलग-अलग राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

राज्य शेयर पूंजी के तहत फलोदी के लिए 4.37 करोड़ रुपये, प्रतापगढ़ के लिए 4.16 करोड़ रुपये, डीडवाना-कुचामन के लिए 4.03 करोड़ रुपये और बालोतरा के लिए 5.12 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

चार नए डीसीसीबी के गठन का यह कदम केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा अलवर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान की गई घोषणा के बाद उठाया गया है।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close